भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा के तलाक की खबरें सामने आई हैं। शादी के चार साल बाद दोनों के रिश्ते में दरार आ गई है।
कोविड लॉकडाउन के दौरान युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा की पहली मुलाकात वर्चुअल माध्यम से हुई थी। उस समय युजवेंद्र ने सोशल मीडिया पर धनश्री के डांस वीडियो देखे और उनसे डांस सीखने की इच्छा जताई। डांस क्लास के दौरान दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं, और महज दो महीने के अंदर ही चहल ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज कर दिया।
धनश्री ने एक डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा 11' में खुलासा किया था कि चहल का प्रपोजल उनके लिए बिल्कुल अप्रत्याशित था। उन्होंने बताया, "लॉकडाउन के समय कोई क्रिकेट मैच नहीं हो रहे थे, और खिलाड़ी घर पर ही समय बिता रहे थे। ऐसे में चहल ने फैसला किया कि वह डांस सीखेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "युजवेंद्र ने सोशल मीडिया पर मेरे वीडियो देखे और फिर मुझसे डांस क्लास लेने आए। सिर्फ दो महीनों में उन्होंने मुझे प्रपोज कर दिया। मुझे यह देखकर हैरानी हुई। वह बैटिंग भी ठीक से नहीं कर पाते, लेकिन सीधे सिक्सर मार दिया!"
धनश्री ने बताया कि जब उन्होंने यह बात अपनी मां को बताई, तो उनकी मां ने मज़ाक में कहा, "तेरा स्टूडेंट चला गया! तू तो बहुत प्रोफेशनल टीचर निकली।"
दोनों की शादी दिसंबर 2020 में हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी। हालांकि, अब दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। तलाक की खबरों के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि धनश्री को गुजारा भत्ता के रूप में भारी रकम मिल सकती है, हालांकि उनके परिवार ने इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

0 टिप्पणियाँ